नई दिल्ली

मानसून ने केरल में दस्तक दी; 8 दिन पहले पहुंचा, 16 साल का टूटा रिकॉर्ड

नईदिल्ली । देशभर के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मानसून केरल पहुंच चुका है। बीते 4 दिन से मानसून केरल से करीब 40-50 किलोमीटर दूर रुका हुई था, लेकिन आज इसने केरल में दस्तक दे दी है।
बीते 16 सालों में ये पहली बार हुआ है, जब मानसून इतनी जल्दी केरल पहुंच गया है। इससे पहले 2009 में मानसून 23 मई को केरल पहुंचा था। यह आज ही तमिलनाडु और कर्नाटक के कई इलाकों में पहुंच सकता है।
मानसून आमतौर पर एक जून के आसपास केरल में दस्तक देता है। पिछले साल ये 30 मई को केरल पहुंचा था।
बीते 2 दिनों से केरल के कई हिस्सों में बारिश हो रही थी। माना जा रहा था कि केरल में मानसून के आगमन के लिए सभी अनुकूल परिस्थितियां विकसित हो गई हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून एक हफ्ते में देश के दक्षिणी और पूर्वोत्तर राज्यों में छा जाएगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 150 साल में मानसून के केरल पहुंचने की तारीखों में काफी अंतर रहा है।
1918 में मानसून 11 मई को ही केरल पहुंच गया था। यह मानसून के जल्दी आने का रिकॉर्ड है। वहीं, 1972 में मानसून 18 जून को केरल पहुंचा था, जो सबसे देर से आने का रिकॉर्ड था।
मौसम विभाग का मानना है कि मानसून 4 जून तक मध्य और पूर्वी भारत तक पहुंच जाएगा।
मौसम विभाग ने केरल, तटीय और दक्षिण कर्नाटक, कोंकण और गोवा में भारी वर्षा होने की भविष्यवाणी की है।
महाराष्ट्र के तटीय जिलों और गोवा में भारी वर्षा की भविष्यवाणी करते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। गोवा सरकार ने लोगों से नदियों और झरनों से दूर रहने का आग्रह किया है।
केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप के तटों पर 27 मई तक मछली पकडऩे और समुद्र में जाने पर रोक लगा दी गई है।
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि इस साल मानसून सामान्य से बेहतर रहेगा और जून से सितंबर तक खूब बारिश होगी।
विभाग के मुताबिक, इस साल 105 प्रतिशत से अधिक यानी 87 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है, जो कृषि के लिए अच्छी होगी। आमतौर पर 104 से 110 प्रतिशत के बीच बारिश को सामान्य से अच्छा माना जाता है।
इस साल मानसून पर अल नीनो का प्रभाव भी नहीं है।
अल नीनो एक तरह की मौसमी घटना है, जिसकी वजह से मध्य और पूर्वी भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में समुद्री सतह का पानी सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्म हो जाता है।
इसके चलते पूर्व से पश्चिम की ओर बहने वाली हवाएं कमजोर पड़ती हैं और गर्म पानी पूर्व यानी अमेरिका के पश्चिमी तट की ओर जाने लगता है।
अगर अल नीनो दक्षिण अमेरिका वाले क्षेत्र की तरफ सक्रिय होता है, तो भारत में कम बारिश होती है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 1.7 डिग्री कम है। आईएमडी ने शनिवार और रविवार को बारिश के साथ आंधी का अनुमान लगाया है, जबकि अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। शनिवार सुबह 8:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 62 प्रतिशत दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 9 बजे वायु गुणवत्ता मध्यम थी, जिसमें वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 120 था। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई अच्छा, 51 और 100 के बीच का एक्यूआई संतोषजनक, 101 और 200 के बीच का एक्यूआई मध्यम, 201 और 300 के बीच का एक्यूआई खराब, 301 और 400 के बीच का एक्यूआई बहुत खराब और 401 और 500 के बीच का एक्यूआई गंभीर माना जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!