भाजपा नेता नीलम सोनी के घर में घुसा 6.50 फीट लंबा अहिराज सांप, स्नेक मैन मितेंद्र शुक्ला ने किया सकुशल रेस्क्यू,,

भाजपा नेता नीलम सोनी के घर में घुसा 6.50 फीट लंबा अहिराज सांप, स्नेक मैन मितेंद्र शुक्ला ने किया सकुशल रेस्क्यू
जांजगीर-चाम्पा। रिपोर्ट कृष्ण टण्डन। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जांजगीर नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत दीप्ति विहार कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब भाजपा नेता नीलम सोनी के घर में एक करीब 6.50 फीट लंबा अहिराज सांप घुस गया। घर में सांप को देखकर परिवार के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। परिजनों ने बिना देर किए इसकी सूचना चाम्पा निवासी स्नेक मैन मितेंद्र शुक्ला को दी। सूचना मिलते ही मितेंद्र शुक्ला तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी सावधानी एवं सूझबूझ के साथ सांप को रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि बारिश के मौसम में अक्सर सांप सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों और रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं। ऐसे समय में घबराने के बजाय विशेषज्ञ स्नेक रेस्क्यूअर की मदद लेना ही सुरक्षित उपाय है।
जिले में जब भी जहरीले या खतरनाक सांप रिहायशी इलाकों में निकलते हैं, तो स्नेक मैन मितेंद्र शुक्ला का नाम सबसे पहले लोगों की जुबान पर आता है। शुक्ला अपने व्यस्त समय में से समय निकालकर सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचते हैं और सांपों को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर प्राकृतिक वातावरण में छोड़ने का कार्य करते हैं। उनके इस कार्य से न केवल लोगों की जान-माल की सुरक्षा होती है, बल्कि सांपों को भी अनावश्यक रूप से मारे जाने से बचाया जा रहा है। समाज में मितेंद्र शुक्ला जैसे पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक लोगों की आवश्यकता है, जो संकट के समय आगे आकर मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।




