छात्राओं की शिकायत पर छात्रावास अधीक्षिका पर गिरी गाज, पद से हटाई गईं ऋतु गुप्ता,,

छात्राओं की शिकायत पर छात्रावास अधीक्षिका पर गिरी गाज, पद से हटाई गईं ऋतु गुप्ता,,
मरवाही। ब्यूरो रिपोर्ट। जिले के सेमरदर्री कन्या छात्रावास में छात्राओं द्वारा की गई गंभीर शिकायतों के बाद आदिमजाति कल्याण विकास विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सेमरदर्री कन्या छात्रावास की अधीक्षिका ऋतु गुप्ता को तत्काल प्रभाव से अधीक्षिका के पद से हटा दिया गया है। छात्राओं ने अधीक्षिका पर खराब भोजन, दुर्व्यवहार और निजी काम कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। छात्राओं का आरोप था कि भोजन में कई बार कीड़े मिलने की शिकायत भी सामने आई थी। इसके अलावा समय पर नाश्ता और आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं कराने की बात भी छात्राओं ने कही थी।

शिकायत में छात्राओं ने आरोप लगाया था कि अधीक्षिका के लिए अलग से भोजन बनाया जाता था और छात्राओं से बर्तन धुलवाने सहित अन्य निजी कार्य भी कराए जाते थे। वहीं, शिकायत वापस लेने के लिए डराने-धमकाने तथा पुलिस कार्रवाई की चेतावनी देने के आरोप भी लगाए गए थे। मामला सामने आने के बाद आदिवासी विकास विभाग ने शिकायत की जांच शुरू कराई। सहायक आयुक्त गोपेश मनहर के निर्देश पर छात्राओं के बयान दर्ज किए गए। जांच के दौरान छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए ऋतु गुप्ता को तत्काल प्रभाव से अधीक्षिका के पद से हटा दिया। वहीं, बंशीताल छात्रावास की प्रभारी अधीक्षिका बर्नाडीन तिर्की को सेमरदर्री कन्या छात्रावास का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। छात्राओं की शिकायत के बाद हुई इस कार्रवाई ने जिले के छात्रावासों में भोजन, छात्राओं की सुरक्षा, आवश्यक सुविधाओं और प्रबंधन व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन अन्य छात्रावासों की व्यवस्थाओं को लेकर भी कोई व्यापक जांच या निरीक्षण करता है या नहीं।




