दिल्ली-एनसीआर में मौसम का डबल अटैक! घने कोहरे के चलते कई फ्लाइट्स और ट्रेनें लेट, आज बारिश का भी अनुमान

नई दिल्ली । देश की राजधानी दिल्ली और उसे सटे के इलाके सहित पूरे उत्तर भारत में सर्दी का सितम जारी है। इस बीच दिल्लीवालों को सर्दी का डबल अटैक भी लग सकता है। अगले कुछ दिनों में दिल्ली के अंदर बारिश हो सकती है, जिसके चलते दिल्ली की ठंड में और इजाफा होने की संभावना है। शुक्रवार को राजधानी चार घंटे तक कोहरे के आगोश में लिपटी रही। आज सुबह साढ़े 4 बजे से साढ़े 8 बजे तक आईजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता का स्तर शून्य दर्ज किया गया। सफदरजंग पर दृश्यता का न्यूनतम स्तर 50 मीटर तक रहा। इससे सड़क, रेल और हवाई यातायात भी व्यापक स्तर पर प्रभावित हुआ। आईजीआई एयरपोर्ट पर 150 के करीब उड़ानें विलंबित रहीं। 33 से अधिक ट्रेनें दिल्ली से देरी से चलीं जबकि 100 से अधिक ट्रेनें विलंब से दिल्ली पहुंचीं। शुक्रवार को दिन में गुनगुनी धूप खिली, लेकिन ठिठुरन भरी ठंड भी बनी रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री कम 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार और रविवार को हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड में इजाफा होगा। शनिवार सुबह ज्यादातर स्माग एवं मध्यम कोहरा रहने की संभावना है। कहीं कहीं बहुत घना कोहरा भी हो सकता है। शाम और रात के समय भी यही स्थिति रहेगी। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है। 17 क्षेत्रों का एक्यूआई ‘गंभीर’: दिल्ली की हवा में घुला प्रदूषण का जहर और बढ़ गया है। शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआई 397 रिकॉर्ड किया गया। इस स्तर की हवा को ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रखा जाता है।