151 वें वर्ष सार्वजनिक अखंड श्रीरामनाम सप्ताह यज्ञ का आयोजन, 17 से 25 अगस्त तक होंगे विविध धार्मिक कार्यक्रम,,

जांजगीर चांपा।रिपोर्ट कृष्णा टण्डन। नगर के हटवारा क्षेत्र में इस वर्ष 151वें वर्ष में सार्वजनिक अखंड श्रीरामनाम सप्ताह यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 17 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन में सप्ताहभर विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं भक्तिमय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

आयोजन की शुरुआत 17 अगस्त को राम रथ यात्रा के साथ हुई। बड़े मठ मंदिर से निकली राम रथ यात्रा नगर भ्रमण करते हुए हटवारा स्थित आयोजन स्थल पहुंची। बाजे-गाजे के साथ निकली इस भव्य यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालु हाथों में प्रभु श्रीरामचंद्र जी की ध्वजा लेकर जय श्रीराम के जयघोष के साथ यात्रा में चलते नजर आए। आयोजन स्थल पहुंचने के बाद विधि-विधान से भगवान श्रीरामचंद्र की प्रतिमा एवं मूर्ति की स्थापना की गई।

आयोजन समिति के अनुसार, पूरे सप्ताह स्थानीय कलाकारों एवं भजन मंडलियों के साथ बाहर से आने वाले कलाकारों द्वारा भी भजन, कीर्तन एवं मनमोहक धार्मिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक आयोजन भी होंगे। 21 अगस्त को महाआरती एवं छप्पन भोग का विशेष आयोजन रखा गया है, जो शाम 7:30 बजे होगा। वहीं 24 अगस्त को नगर कीर्तन एवं राम नाम सप्ताह की पूर्णता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 25 अगस्त को हवन एवं पूर्णाहुति के साथ आयोजन का समापन होगा।

आयोजन में सामूहिक घृत ज्योति कलश की व्यवस्था भी की गई है। राम नाम सप्ताह को लेकर हटवारा क्षेत्र सहित पूरे चांपा नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का लाभ लेने की अपील की है। उक्त जानकारी कसेर समाज के सदस्य रूपेश कुमार एवं रितेश कुमार महाराणा ने दी है।




