शिवा चौरसिया बने भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष, संगठन ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल,, शिवा चौरसिया के नेतृत्व में होगी संगठन में मजबूती,,

शिवा चौरसिया बने भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष, संगठन ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
जांजगीर-चांपा। कृष्णा टण्डन। भीम आर्मी भारत एकता मिशन छत्तीसगढ़ की जिला जांजगीर-चांपा इकाई की महत्वपूर्ण बैठक 16 नवंबर 2026 को आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों एवं बहुजन समाज के संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से भीम आर्मी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद जी, प्रदेश उपाध्यक्ष रामस्वरूप आजाद जी एवं प्रदेश महासचिव माननीय कालेश्वर खुंटे जी उपस्थित रहे। इस दौरान जिले के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीतियों पर अपने विचार रखे। बैठक के दौरान संगठन को जिला स्तर पर और अधिक मजबूत, संगठित एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से शिवा चौरसिया को भीम आर्मी जिला जांजगीर-चांपा का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। प्रदेश नेतृत्व द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। शिवा चौरसिया की नियुक्ति पर सामाजिक एवं संगठनात्मक क्षेत्र से जुड़े साथियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उम्मीद जताई गई कि उनके नेतृत्व में संगठन की गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा बहुजन समाज के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं संवैधानिक अधिकारों की आवाज को मजबूती के साथ उठाया जाएगा। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष शिवा चौरसिया ने संगठन की जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाने और बहुजन महापुरुषों की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में संगठन की एकजुटता, सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व के मूल्यों को मजबूत करने पर जोर दिया गया। संगठन का संकल्प है कि बहुजन समाज के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक न्याय की लड़ाई को संगठित रूप से आगे बढ़ाया जाए।




