खबर का असर : पीएम आवास योजना में अवैध वसूली के वाइरल ऑडियो की जांच शुरू, जनपद के आला अधिकारी पहुँचे पचरी

खबर का असर : पीएम आवास योजना में अवैध वसूली के वाइरल ऑडियो की जांच शुरू, जनपद के आला अधिकारी पहुँचे पचरी
जांजगीर-चांपा। रिपोर्ट कृष्णा टण्डन। प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अवैध वसूली से जुड़े वाइरल ऑडियो मामले में आखिरकार प्रशासन हरकत में आ गया है। नवागढ़ जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचरी में सरपंच श्रीमती मैना दिवाकर के पति नलसाय दिवाकर द्वारा हितग्राहियों से पैसों की मांग किए जाने का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वाइरल हुआ था। इस मामले को K News24 Chhattisgarh ने प्रमुखता से प्रसारित किया, जिसके बाद जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया।

सूत्रों के अनुसार, कलेक्टर के निर्देश पर जनपद पंचायत के वरिष्ठ अधिकारियों की एक जांच टीम गठित कर ग्राम पचरी भेजी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर हितग्राहियों से बातचीत की, दस्तावेजों का अवलोकन किया और आरोपों से जुड़े तथ्यों को संकलित किया। जांच का फोकस प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृति, किश्त भुगतान और कथित लेन-देन की प्रक्रिया पर रखा गया है।

बताया जा रहा है कि नलसाय दिवाकर पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय नवागढ़ में पदस्थ हैं। वाइरल ऑडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया था और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठी थी। प्रशासनिक टीम ने आश्वासन दिया है कि जांच निष्पक्ष व पारदर्शी होगी और यदि आरोप प्रमाणित पाए जाते हैं तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि आवास योजना गरीबों के लिए है और किसी भी तरह की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से लोगों को न्याय की उम्मीद बंधी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



