भालेराव मैदान में 20 अक्टूबर को होगा अत्याधुनिक रावण दहन,,
अभिनेत्री जयाप्रदा बिखेरेंगी जलवा, अनुज शर्मा नाइट शो का भी होगा आयोजन,,

भालेराव मैदान में 20 अक्टूबर को होगा अत्याधुनिक रावण दहन
अभिनेत्री जयाप्रदा बिखेरेंगी जलवा, अनुज शर्मा नाइट शो का भी होगा आयोजन
जांजगीर-चांपा। रिपोट कृष्णा टण्डन। चांपा के भालेराव मैदान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विजयादशमी के अवसर पर भव्य एवं आकर्षक रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आगामी 20 अक्टूबर को होने वाले इस आयोजन में करीब 50 फीट ऊंचे अत्याधुनिक रावण के पुतले का दहन आधुनिक रिमोट कंट्रोल तकनीक के माध्यम से किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में लगभग 40 से 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए कार्यक्रम का लाइव वीडियो प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा भालेराव मैदान के बाहर भी बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, ताकि मैदान में प्रवेश नहीं कर पाने वाले लोग भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकें। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री जयाप्रदा होंगी, जो अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। वहीं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय कलाकार अनुज शर्मा नाइट का भी भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूरे आयोजन स्थल पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके और कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भव्य रावण दहन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेने की अपील प्रेसवार्ता के दौरान किया है।




