आवास योजना में सरपंच पति का अवैध वसूली ऑडियो वायरल, कार्रवाई के नाम पर अभयदान? जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यशैली पर उठे सवाल,,

आवास योजना में सरपंच पति का अवैध वसूली ऑडियो वायरल, कार्रवाई के नाम पर अभयदान?
जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यशैली पर उठे सवाल
जांजगीर-चांपा। रिपोर्ट कृष्णा टण्डन। प्रधानमंत्री आवास योजना में अवैध वसूली से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भी अब तक किसी ठोस कार्रवाई का न होना कई सवाल खड़े कर रहा है। मामला नवागढ़ जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचरी का है, जहां सरपंच श्रीमती मैना दिवाकर के पति नलसाय दिवाकर पर हितग्राहियों से पैसे मांगने का आरोप है। जानकारी के अनुसार नलसाय दिवाकर पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय नवागढ़ में पदस्थ हैं। ऑडियो वायरल होने के बाद जिले के कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों की एक टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए थे। जांच टीम ने ग्राम स्तर पर पड़ताल कर अपना प्रतिवेदन तैयार किया और प्रकरण को अनुविभागीय अधिकारी के पास जमा कर दिया।
बताया गया कि इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से नलसाय दिवाकर को 48 घंटे के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। हालांकि, नोटिस जारी हुए एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक न तो जवाब सार्वजनिक हुआ और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई की गई है। इससे आमजन में नाराजगी और असंतोष बढ़ता जा रहा है।
जब इस संबंध में K News24 Chhattisgarh की टीम ने जिला शिक्षा अधिकारी से जानकारी लेने का प्रयास किया, तो उन्होंने“सरकारी काम को करूं या आपको जानकारी दूं”जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए सवालों को टाल दिया। उनके इस रवैये से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मामले को ठंडे बस्ते में डालने या निपटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों और हितग्राहियों का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे संवेदनशील और गरीबों से जुड़ी योजना में यदि आरोप सही हैं तो दोषियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग पर टिकी हैं कि क्या इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।




