पत्नी मायके गई और अगले ही दिन उजड़ गया पूरा परिवार पिता समेत दो मासूम बेटों की मौत से स्तब्ध बिरकोनी,,
चार दिन से चल रहा था पारिवारिक विवाद, समझौते की उम्मीद भी टूटी सुबह घर में मिलीं तीन लाशें,,

पत्नी मायके गई और अगले ही दिन उजड़ गया पूरा परिवार पिता समेत दो मासूम बेटों की मौत से स्तब्ध बिरकोनी
चार दिन से चल रहा था पारिवारिक विवाद, समझौते की उम्मीद भी टूटी सुबह घर में मिलीं तीन लाशें
जांजगीर-चांपा। रिपोर्ट कृष्णा टण्डन। जिले के नैला चौकी क्षेत्र अंतर्गत बिरकोनी गांव से सामने आई एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पारिवारिक विवाद की आग में एक पूरा परिवार तबाह हो गया। पिता और उसके दो मासूम बेटों की मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिरकोनी निवासी रमेश कुमार पटेल (35 वर्ष) का अपनी पत्नी से बीते चार दिनों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के बाद पत्नी अपनी बेटी को लेकर मायके चली गई थी। परिजन और रिश्तेदारों को उम्मीद थी कि मामला सुलझ जाएगा और परिवार फिर से एक हो जाएगा। मंगलवार को पत्नी घर वापस लौटी, लेकिन दोनों के बीच फिर से विवाद हो गया। इसके बाद पत्नी दोबारा मायके चली गई। किसी ने भी नहीं सोचा था कि यह विवाद इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा। बुधवार सुबह जब गांव के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो हर कोई स्तब्ध रह गया। घर के अंदर रमेश कुमार पटेल के साथ उसके दो मासूम बेटे आदर्श पटेल (3 वर्ष) और अभिनव पटेल (2 वर्ष) मृत अवस्था में मिले। जिन नन्हे हाथों में खिलौने होने चाहिए थे, वे हमेशा के लिए शांत हो चुके थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पिता ने पहले दोनों बच्चों को जहर दिया और बाद में स्वयं भी जहर सेवन कर लिया। सूचना मिलते ही नैला पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से जहर की पुड़िया भी बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद बिरकोनी गांव में गहरा शोक व्याप्त है। हर किसी की जुबान पर बस एक ही सवाल है आखिर उन मासूम बच्चों का क्या कसूर था, जिन्हें दुनिया को ठीक से देखने का भी मौका नहीं मिला। एक पारिवारिक विवाद ने एक मां से उसका सुहाग और दो बेटे छीन लिए, वहीं गांव से तीन जिंदगियां हमेशा के लिए चली गईं। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।



