समय से पहले बंद मिला शासकीय प्राथमिक शाला पचपेड़ी, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल,,
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, बीईओ बोले– नोटिस जारी कर होगी वैधानिक कार्रवाई,,

समय से पहले बंद मिला शासकीय प्राथमिक शाला पचपेड़ी, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, बीईओ बोले– नोटिस जारी कर होगी वैधानिक कार्रवाई,,
कोरबा।ब्यूरो रिपोर्ट। जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पचपेड़ी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। सोमवार को हमारी टीम जब स्कूल की वास्तविक स्थिति जानने के लिए मौके पर पहुंची, तब दोपहर 3:50 बजे ही विद्यालय का मुख्य द्वार बंद मिला। जबकि शासन द्वारा निर्धारित समयानुसार विद्यालय शाम 4:00 बजे तक संचालित होना चाहिए। मौके पर मिली जानकारी के अनुसार स्कूल के प्रधान पाठक एवं अन्य शिक्षक निर्धारित समय से पहले ही विद्यालय बंद कर चले गए थे। इस घटना से ग्रामीणों एवं पालकों में भारी नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि सरकारी स्कूलों में पहले से ही शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठते रहे हैं, ऐसे में समय से पहले स्कूल बंद कर देना बच्चों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षकों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो और विद्यालयों में नियमित एवं निर्धारित समय तक पढ़ाई सुनिश्चित हो सके।
इस संबंध में जब विकासखंड शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय से संपर्क कर उनका पक्ष लिया गया, तो उन्होंने कहा कि “मुझे इस मामले की जानकारी आपके माध्यम से मिली है। संबंधित विद्यालय को नोटिस जारी कर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी तथा यदि लापरवाही पाई जाती है तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में केवल नोटिस जारी कर औपचारिकता निभाता है या वास्तव में दोषी अधिकारियों एवं शिक्षकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने का प्रयास करता है।




