पुलिया को जीरा गिट्टी से बंद करने का आरोप, 50 एकड़ फसल पर पानी भरने का खतरा,,
किसानों ने कलेक्टर से की शिकायत, पुलिया खुलवाने और सिंचाई व्यवस्था बहाल करने की मांग,,

पुलिया को जीरा गिट्टी से बंद करने का आरोप, 50 एकड़ फसल पर पानी भरने का खतरा
किसानों ने कलेक्टर से की शिकायत, पुलिया खुलवाने और सिंचाई व्यवस्था बहाल करने की मांग
जांजगीर-चाम्पा। ब्यूरो रिपोर्ट। चाम्पा तहसील क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा निवासी अर्जुन लाल सोनी के खिलाफ लोक निर्माण विभाग की पुलिया को कथित रूप से जीरा गिट्टी से बंद किए जाने को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से शिकायत की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पुलिया को अनावश्यक रूप से जीरा गिट्टी से जाम कर दिए जाने के कारण ग्राम कोसमंदा एवं कमरीद के लगभग 50 एकड़ फसल क्षेत्र में पानी भरने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उक्त पुलिया से गांव के करीब 40 से 50 किसान नहर के पानी से सिंचाई का लाभ लेते हैं। पुलिया के जीरा गिट्टी से बंद होने के कारण सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने के साथ किसानों की फसल को नुकसान होने की आशंका जताई गई है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को दिए आवेदन में कहा है कि यदि समय रहते पुलिया को नहीं खोला गया तो खेतों में पानी भरने तथा किसानों की फसल खराब होने जैसी स्थिति निर्मित हो सकती है।

शिकायत में किसी भी प्रकार की संभावित क्षति या अप्रिय घटना के लिए अर्जुन लाल सोनी,निवासी ग्राम कोसमंदा को जिम्मेदार ठहराए जाने की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मामले की जांच कर पुलिया को खुलवाने तथा किसानों की सिंचाई व्यवस्था सुचारू कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और किसानों की फसल को संभावित नुकसान से बचाने के लिए पुलिया को कब तक खुलवाया जाता है।




