बतौली

पोस्टर प्रतियोगिता में सतीश ने प्रथम, ममता ने द्वितीय और गीता ने तृतीय स्थान अर्जित कर मारी बाजी

पोस्टर प्रतियोगिता में एड्स के प्रति जागरूकता के लिए रंगों से दिया संदेश

“पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों से दिया अपने चित्रकला का परिचय”

बतौली। एड्स जागरूकता पखवाड़ा पर शासकीय महाविद्यालय बतौली में “एड्स जागरूकता पखवाड़ा” के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता आयोजन किया गया जिसमें महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता किया। रेड रिबन क्लब प्रभारी सुश्री मधुलिका तिग्गा के संयोजन में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने एड्स जागरूकता के लिए कूची एवं रंगों का सूक्ष्मता से प्रयोग कर अपनी चित्रकला का प्रदर्शन किया जिसमें बी. एससी. प्रथम वर्ष के सतीश पैकरा ने प्रथम स्थान अर्जित किया। बी.एससी. अंतिम वर्ष की ममता पैकरा ने द्वितीय स्थान एवं बी. एससी. प्रथम वर्ष के गीता प्रधान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बी. एससी. द्वितीय वर्ष के विशाल विश्वकर्मा ने चतुर्थ और बी. एससी. प्रथम वर्ष के रीता प्रधान ने पंचम स्थान प्राप्त किया।

उक्ताशय की जानकारी देते हुए महाविद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी प्रो. गोवर्धन प्रसाद सूर्यवंशी ने बताया कि पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कैनवास में विभिन्न रंगों का बेहतर संयोजन करते हुए एड्स के प्रति जागरूकता, सुरक्षित यौन संबंध, संक्रमण से बचाव, अपने साथी के प्रति ईमानदारी, एक निडिल का उपयोग एवं बीमारी की भयावहता जैसे विषयों को रंगों द्वारा कैनवास पर उकेरा। ‌पोस्टर प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल मे प्रो. श्रीमती सुभागी भगत, प्रो बलराम चंद्राकर एवं शिल्पी एक्का ने विद्यार्थियों के पोस्टरों का अवलोकन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य बी.आर. भगत के मार्गदर्शन में विभिन्न कार्यक्रम के आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापक जिवियन खेस्स, प्रो. तारा सिंह मरावी, सुश्री सुमित्रा गिरि एवं श्रीमती कविता प्रजापति का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। महाविद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता के पूर्व निबंध प्रतियोगिता और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!