ब्रेकिंग न्यूज़

प्रधानमंत्री मोदी ने 3 लाख लोगों के साथ विशाखापट्टनम में किया योग, बोले- इसने पूरी दुनिया को जोड़ा

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस विशाखापट्टनम। आज पूरे देश और दुनिया में 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस साल खास आयोजन योग संगम के तहत सुबह 6:30 से 7:45 बजे तक देशभर के एक लाख से ज्यादा जगहों पर सामूहिक रूप से योग किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में राष्ट्रीय योग कार्यक्रम का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग का मतलब होता हैजोडऩा और ये देखना सुखद है कि योग ने पूरी दुनिया को जोड़ा है।प्रधानमंत्री ने कहा, जब व्यक्ति अपने हित से ऊपर उठकर समाज की सोचता है, तभी पूरी मानवता का हित होता है। भारतीय संस्कृति हमें सिखाती हैसर्वे भवंतु सुखिन: यानी सभी का कल्याण ही मेरा कर्तव्य है। मैं से हम की यात्रा ही सेवा, समर्पण और सहअस्तित्व का आधार है। दुर्भाग्य से आज दुनिया किसी किसी तनाव से गुजर रही है। अशांति और अस्थिरता बढ़ रही है। ऐसे में योग से हमें शांति की दिशा मिलती है। पीएम मोदी ने विशाखापट्टनम में 3 लाख लोगों और 40 देशों के राजनयिकों के साथ योग किया। इस दौरान उनके साथ आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी योग किया। आंध्र प्रदेश सरकार इस कार्यक्रम में 50 लाख से ज्यादा योग प्रमाणपत्र बांटकर रिकॉर्ड बनाने की तैयारी कर रही है। इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग है।
विशाखापट्टनम तट पर नौसेना जहाज पर भारतीय नौसेना के जवानों ने योग किया। पूर्वी नौसेना कमान के 11,000 नौसैनिक और उनके परिवार के सदस्यों ने प्रधानमंत्री के योग सत्र में भाग लिया। ये नौसैनिक प्रतिभागी 30 किलोमीटर लंबे आरके बीच के किनारे लगभग 10 बाड़ों में मौजूद हैं, जो ऐतिहासिक सभा का एक अभिन्न हिस्सा हैं। वहीं, विशाखापट्टनम के तट पर लंगर डाले भारतीय नौसेना के जहाजों पर भी योग का अभ्यास किया जा रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देहरादून, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उधमपुर, उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने दिल्ली, गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने दिल्ली, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने फरीदाबाद, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने जयपुर, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बाम्बोलिम और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में योग किया
दुनिया के करीब 190 देशों में योग दिवस मनाया गया। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर अभिनेता अनुपम खेर ने योग किया। उनके साथ सैकड़ों लोग मौजूद रहे। भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी ने लंदन में योग दिवस मनाया। ब्रिटेन के किंग चार्ल्स ने भी इस मौके पर संदेश जारी किया। अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास ने योग सत्र का आयोजन किया। इसके अलावा जापान, साइप्रस, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका समेत कई देशों में भी आयोजन हुए।
प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार 27 सितंबर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था। भारत के इस प्रस्ताव को 177 देशों ने समर्थन दिया और महज 3 महीने के अंदर यानी 11 दिसंबर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की। इसके बाद पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून, 2015 को मनाया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!