बीजापुर में नक्सलियों ने युवक की निर्मम हत्या कर फिर फैलाई दहशत

बीजापुर । छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले बीजापुर में एक बार फिर से माओवादी अत्याचार का मामला सामने आया है। जिलापुर से करीब 20 किलोमीटर दूर, बीजापुर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मनकेली के पास 27 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। घटना ने इलाके में भय और तनाव का माहौल बना दिया है। हत्या का शिकार युवक की पहचान सुरेश कोरसा (27 वर्ष), पुत्र लछु कोरसा के रूप में हुई है। प्रारंभिक आशंका यह जताई जा रही है कि नक्सली उसे पुलिस मुखबिरी के शक में निशाना बनाकर मौत के घाट उतार चुके हैं। हालांकि, इस वारदात के बाद नक्सलियों की ओर से किसी भी प्रकार का पर्चा या कोई संदेश अभी तक नहीं छोड़ा गया है। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मर्ग दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की तहकीकात शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार फिलहाल हत्या के पीछे की सही वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और जांच के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।




