कोरबा में सतरंगा- लेमरू मुख्य मार्ग में हुआ भूस्खलन, मलबे के ढेर से आवागमन रुका

कोरबा में भूस्खलन से सतरंगा- गढ़- लेमरू मुख्य मार्ग का संपर्क टूट गया है, लगातार हो रही बारिश से पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर मुख्य मार्ग में जा गिरा जिससे दोनों तरफ़ से आवाजाही प्रभावित हुई है।
दरअसल गुरुवार को तड़के से ही भारी बारिश हो रही थी इस दौरान सतरंगा से आगे घटियों में भूस्खलन की घटना देखने को मिली, पहाड़ के एक हिस्से के साथ बड़े झाड़ एवं मलवा सड़क पर बिखर गया है। उक्त घटना से आधा दर्जन से अधिक ग्रामों के लिए मुख्यालय से आने जाने का मार्ग प्रभावित हुआ है। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाते हुए उक्त मार्ग को बहाल करने की मांग की थीं।
गौरतलब हो कि प्रभावित मार्ग जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल जैसे देवपहरी, नकिया सतरंगा जैसे स्थानों के लिए प्रमुख मार्ग है, इसके साथ ही ग्रामीणों को जिला मुख्यालय से जोड़ने के लिए भी यह मार्ग उपयोग में लिया जाता है। जिला प्रशासन की टिम मौके पर पहुंची और मार्ग से मलबा हटाने का कार्य प्रारंभ किया गया।