नई दिल्ली

 मध्य प्रदेश-बिहार में नहीं थम रहा बारिश का दौर, पहाड़ी राज्यों में राहत

नईदिल्ली । देश के मैदानी राज्यों में भारी बारिश का दौर थम गया है। राजस्थान, पंजाब और गुजरात से मानसून की वापसी होने लगी है, लेकिन मध्य प्रदेश में लौटते मानसून के चलते बारिश हो रही है। दूसरी तरफ दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश थमने के बाद तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र समेत 20 राज्यों में बारिश का यलो और ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश में नया सिस्टम सक्रिय होने से बारिश का दौर जारी है। यहां अगले 10 दिन तक बादल बरसेंगे और 30 सितंबर के बाद मानसून लौटने लगेगा। इसके साथ ही बिहार में अगले एक सप्ताह तक मानसून की गतिविधि जारी रहेगी। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश होने की भी संभावना है। उत्तर प्रदेश में अगले 3 दिनों तक मौसम साफ रहने से तापमान में बढ़ोतरी होने से गर्मी और उमस का प्रकोप बढऩे की संभावना है।
राजस्थान के आधे हिस्से से मानसून विदा ले चुका है, लेकिन दक्षिणी जिलों में वापस लौट आया है। इसके चलते रविवार को चित्तौडग़ढ़, राजसमंद, सिरोही, उदयपुर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर और बांसवाड़ा में बारिश हुई। इससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली। इस दौरान भोपाल सागर (चित्तौडग़ढ़) में 85एमएम सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। सबसे कम तापमान सिरोही में 18 डिग्री रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार को 7 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश में भी तबाही मचाने के बाद मानसून कमजोर पड़ गया है। बीते 24 घंटे के दौरान मौसम साफ रहा और सोमवार को भी बारिश की संभावना नहीं है। प्रदेश में 24-25 सितंबर को कुछ जगह हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। दूसरी तरफ उत्तराखंड में 22 सितंबर को बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। बता दें कि पिछले दिनों में यहां बादल फटने से 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!