जशपुर

नाबालिग बालिकाओं को महानगरों से बरामद कर परिजनों को सौंपा, दुष्कर्म के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई

जशपुर । जशपुर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक बार फिर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। बीते एक सप्ताह में पुलिस ने मुंबई और अहमदाबाद जैसे महानगरों से पांच नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा है। इस अभियान के दौरान तीन नाबालिग बालिकाओं के साथ दुष्कर्म के मामलों में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।
नारायणपुर थाना क्षेत्र: दो नाबालिग बालिकाओं को बरामद, एक मामले में दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

थाना नारायणपुर के पहले प्रकरण में 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अहमदाबाद ले जाने वाले आरोपी दयानंद बेहरा (23 वर्ष, निवासी साहीडांड) को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पीडि़ता ने बताया कि आरोपी, जो उसका रिश्तेदार (दीदी का देवर) था, ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने धारा 87, 64(1) बी.एन.एस. और पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को 07 जून 2025 को न्यायिक हिरासत में भेजा। दूसरे प्रकरण में 13 वर्षीय मानसिक रूप से कमजोर बालिका को 04 जून 2025 को बरामद किया गया, जिसके साथ कोई अनहोनी नहीं हुई।
दुलदुला थाना क्षेत्र: 17 वर्षीय बालिका सकुशल बरामद
थाना दुलदुला क्षेत्र से लापता 17 वर्षीय बालिका को 05 जून 2025 को सकुशल बरामद किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने अपराध क्रमांक 22/25, धारा 137(2) बी.एन.एस. और गुम इंसान क्रमांक 08/2025 के तहत कार्रवाई की। इस मामले में बालिका के साथ कोई अपराध नहीं हुआ।
तुमला थाना क्षेत्र: दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार, नाबालिग बरामद
थाना तुमला क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के 26 मई 2025 को लापता होने की रिपोर्ट पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मुखबीर की सूचना पर पुलिस ने संदेही विश्वनाथ राम (19 वर्ष, निवासी करियामुंडा भगोरा) को गिरफ्तार कर बालिका को बरामद किया। पीडि़ता ने बताया कि आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया। मामले में धारा 64(2)(एम), 65(1) बी.एन.एस. और पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को 03 जून 2025 को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पत्थलगांव थाना क्षेत्र: मुंबई से बरामद नाबालिग, आरोपी गिरफ्तार
थाना पत्थलगांव क्षेत्र की 17 वर्षीय नाबालिग बालिका, जो कुछ माह पूर्व अपनी सहेली के साथ काम करने मुंबई गई थी, को मुंबई रेलवे पुलिस और सी.डब्ल्यू.सी. ने रेस्क्यू किया। पीडि़ता के गर्भवती होने की जानकारी पर पुलिस ने आरोपी कोमल दास महंत (20 वर्ष, निवासी कुमेकेला) को पत्थलगांव से गिरफ्तार किया। आरोपी ने पीडि़ता के साथ कई बार दुष्कर्म किया था। धारा 64(1) बी.एन.एस. और पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को 07 जून 2025 को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का बयान
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत जशपुर पुलिस अब तक 165 गुमशुदा बच्चों को देश के विभिन्न हिस्सों से बरामद कर उनके परिजनों को सौंप चुकी है। यह अभियान डीएसपी स्तर के अधिकारियों की निगरानी में युद्धस्तर पर चल रहा है और भविष्य में भी इसे जारी रखा जाएगा। पुलिस की इस संवेदनशील पहल की हर ओर सराहना हो रही है, जो बच्चों और उनके परिवारों के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!