ब्रेकिंग न्यूज़

दो संतों का अद्भुत मिलन: प्रेमानंद महाराज ने धोए राजेंद्र दास के चरण, खुद जमीन पर बैठ सुनाए पद

सीकर/वृंदावन संतों का असली तेज उनकी बाहरी आभा में नहीं, बल्कि उनके विनम्र अंतरमन में झलकता है। इसकी एक सजीव बानगी हाल ही में वृंदावन में देखने को मिली, जब रैवासा पीठाधीश्वर राजेंद्र दास जी महाराज, वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे। इस आध्यात्मिक मिलन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल जीत रहा है।जानकारी के अनुसार, यह भावपूर्ण मुलाकात श्रीराधाहित केलीकुंज में हुई। जैसे ही प्रेमानंद महाराज ने राजेंद्र दास जी को आते देखा, वे अस्वस्थ होने के बावजूद उन्हें सम्मान देने के लिए दरवाजे तक पहुंच गए। उन्होंने करुणा से भरे नेत्रों और दीन भाव से रैवासा पीठाधीश्वर को दंडवत शीश नवाया। यह देख राजेंद्र दास जी भी भावुक हो गए और उन्होंने भी प्रेमानंद महाराज को दंडवत प्रणाम किया। इसके बाद जो हुआ, उसने वहां मौजूद सभी भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। संत प्रेमानंद ने राजेंद्र दास महाराज को अपने आसन पर बिठाया, उनके चरण धोए और गुरु वंदना की।दोनों संतों ने इसके बाद सत्संग किया। संत प्रेमानंद महाराज ने रैवासापीठ के संस्थापक अग्रदेवाचार्य और गोस्वामी तुलसीदास रचित विनय पत्रिका के पद सुनाए। इस दौरान प्रेमानंद महाराज के मना करने पर भी, वे खुद नीचे जमीन पर हाथ जोड़कर अंर्तभाव से बैठे रहे। इस दृश्य के दौरान जहां राजेंद्र दास महाराज के चेहरे पर कोमल मुस्कान और करुणा झलक रही थी, वहीं प्रेमानंद महाराज के नेत्रों में विनम्रता के आंसू छलक रहे थे। अपने प्रिय संत को जमीन पर बैठे और उनकी आंखों में आंसू देख भक्तों की आंखें भी नम हो गईं।भेंट के दौरान, प्रेमानंद महाराज के अनुरोध पर रैवासा पीठाधीश्वर राजेंद्र दास महाराज ने भी विनय पत्रिका की चौपाई ‘प्रिय राम नाम तें जाहि न रामों’ और रैवासा पीठ के संस्थापक का पद ‘प्यारी तेरे नैना’ भी गाकर सुनाया। संत मिलन का यह वीडियो प्रेमानंद महाराज के अधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘भजन मार्ग’ पर भी साझा किया गया है। यह वीडियो इतना वायरल हुआ कि महज एक दिन में ही उसे करीब 10 लाख लोगों ने देख लिया। अब तक इस वीडियो को 14 लाख से अधिक लोग देख चुके हैं। कमेंट बॉक्स में लोग दोनों संत हृदयों की इस विनम्रता की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। इसके अलावा इंस्टाग्राम पर भी दोनों संतों के मिलाप की रील खूब वायरल हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!