मुंबई नाव हादसा: पुलिस का नौसेना से सवाल- व्यस्त समुद्री मार्ग पर क्यों किया ट्रायल रन

मुंबई । महाराष्ट्र में मुंबई तट के पास स्पीड बोट के यात्री नाव से टकराने के मामले में कोलाबा थाना पुलिस गहन जांच में जुट गई है।पुलिस ने भारतीय नौसेना और महाराष्ट्र समुद्री बोर्ड को पत्र लिखकर कई अहम सवाल पूछे है।पुलिस ने पूछा कि इतने व्यस्त समुद्री मार्ग पर ट्रायल रन क्यों किया गया और इसके लिए अनुमति किसने दी थी?पुलिस सूत्रों का कहना है कि ट्रायल के लिए लागू प्रोटोकॉल की भी जांच की जा रही है। मुंबई पुलिस यह भी पता लगा रही है कि नाव में क्षमता से अधिक सवारियां तो नहीं बैठी थी।अब तक की जांच में सामने आया है कि नौसेना की नाव के इंजन में समस्या थी, जिसके कारण वह नियंत्रण खो बैठी और यात्री नाव से जा टकराई। नौसेना ने हादसे के लिए बोर्ड ऑफ इंक्वायरी भी गठित की है।इस बीच, अधिकारियों ने गेटवे ऑफ इंडिया से नाव की सवारी के दौरान लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य कर दिया है। मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से गत 18 दिसंबर की शाम करीब 5 बजे नीलकमल नाम की नाव 100 से अधिक पर्यटकों को एलीफेंटा गुफाओं की ओर ले जा रही थी।तभी भारतीय नौसेना का स्पीड बोट तेजी से नाव की तरफ आई और उससे टकरा गया। टक्कर के बाद यात्री नाव पलट गई, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई।इस संबंध में पुलिस ने नौसेना चालक के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।