जल संसाधन विभाग के EE शशांक सिंह निलंबित, शासन ने जारी किया आदेश,,

जल संसाधन विभाग के EE शशांक सिंह निलंबित, शासन ने जारी किया आदेश
जांजगीर-चांपा। रिपोर्ट कृष्णा टण्डन। जल संसाधन विभाग में पदस्थ कार्यपालन अभियंता (ईई) शशांक सिंह को राज्य शासन ने निलंबित कर दिया है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन, जल संसाधन विभाग द्वारा आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जांजगीर-चांपा से प्राप्त प्रतिवेदन और सोशल मीडिया में वायरल ऑडियो क्लिप के आधार पर जांच की गई। जांच में यह पाया गया कि कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह द्वारा अपने अधीनस्थ वाहन चालक श्री शशिकांत साहू से मोबाइल पर अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। साथ ही जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति भी अशोभनीय टिप्पणी किए जाने की बात सामने आई।
शासन ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 का उल्लंघन मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।
निलंबन अवधि में शशांक सिंह का मुख्यालय प्रमुख अभियंता, जल संसाधन विभाग, शिवनाथ भवन, नया रायपुर अटल नगर निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
यह आदेश जल संसाधन विभाग के उप सचिव रविंद्र कुमार मेढेकर के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।




