जांजगीर-चांपा में सिटी बस सेवा कब होगी शुरू भीषण गर्मी में यात्री परेशान, प्रशासन से उठी मांग,,
सिटी बस के आस में यात्री,,

जांजगीर-चांपा में सिटी बस सेवा कब होगी शुरू भीषण गर्मी में यात्री परेशान, प्रशासन से उठी मांग,,
जांजगीर‑चांपा। रिपोर्ट कृष्णा टण्डन। जिले में लंबे समय से बंद पड़ी सिटी बस सेवा को लेकर यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। भीषण गर्मी के मौसम में आम लोगों, विद्यार्थियों, मजदूरों और बुजुर्गों को आवागमन के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में यात्रियों को महंगे निजी ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि जांजगीर-चांपा जिले में आम जनता की सुविधा के लिए पहले सिटी बस सेवा का संचालन किया जा रहा था, लेकिन कोरोना काल के दौरान यह सेवा पूरी तरह बंद हो गई। इसके बाद से अब तक सिटी बस दोबारा शुरू नहीं हो सकी है। बसों के लंबे समय तक खड़े रहने से उनकी स्थिति भी खराब हो चुकी है।

यात्रियों का कहना है कि गर्मी के दिनों में सार्वजनिक परिवहन का अभाव सबसे ज्यादा दिक्कत पैदा कर रहा है। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं, नौकरीपेशा लोग और ग्रामीण क्षेत्रों से शहर आने वाले नागरिक रोजाना अतिरिक्त किराया देने को मजबूर हैं।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि सिटी बस सेवा को जल्द से जल्द पुनः शुरू किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है।
अब सवाल यह है कि जांजगीर-चांपा जिले में सिटी बस सेवा आखिर कब फिर से शुरू होगी?
यात्री उम्मीद लगाए बैठे हैं कि प्रशासन शीघ्र निर्णय लेकर जनता को गर्मी से राहत दिलाएगा।




